नैनीताल। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डा.वी.मुरूगेशन ने नैनीताल और उधमसिंह नगर जिलों के आला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध की समीक्षा की। इस दौरान डा. मुरूगेशन ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों को आवंटित विवेचनाओं की समीक्षा करने के अलावा सर्किल स्तर पर घटित विशेष अपराधों की भी समीक्षा की और साक्ष्य संकलन व अन्य आवश्यक कार्यवाही के आधार पर ऐसे अपराधों का अनावरण करने के निर्देश दिए। मुरूगेशन ने क्राइम ड्राइव अभियान की भी समीक्षा कर वांछित ईनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने एक ओर अधिकारियों को गैंगस्टर अधिनियम में कार्यवाही पूर्ण करने को कहा है वहीं दूसरी ओर कुर्की वारंट की शत प्रतिशत तामिली और आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से नशे की अवैध तस्करी में संलिप्त लोगों की संपत्ति जबरीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिधिम अग्रवाल, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, उधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित दोनों ही जिलों के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
एशियन पैरा गेम्स में तीन बार स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज यादव का निधन, खेल जगत में शोक की लहर
मराठी फिल्म ‘गोंधल’ का ट्रेलर रिलीज, सात भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में देगी दस्तक
अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का शिकंजा, तीन जगह ध्वस्तीकरण और दो निर्माण सील