देहरादून का ऐतिहासिक झंडा मेला कल से शुरू होगा। इसी क्रम में कल जयकारों के साथ 94 फीट ऊँचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (नए श्री झण्डे जी) को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब लाया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु इस दिव्य और अलौकिक क्षण के साक्षी बने।
कल प्रातः ब्रह्ममुहूर्त पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। गुरु महिमा के जयकारों के बीच श्रद्धालु संगतों ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ नए पवित्र ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया। जैसे ही संगतों ने पवित्र ध्वजदण्ड को कंधों पर धारण किया, पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज और “जय श्री झण्डे जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
8 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण होगा। इसी के साथ श्री झण्डा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड सहित आसपास के अनेक राज्यों से हजारों श्रद्धालु और संगतें देहरादून पहुंच रही हैं। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन, श्री झण्डा मेला आयोजन समिति की ओर से इनके ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तालाब, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल राजा रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल भण्डारी बाग, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पटेल नगर सहित दून के सभी प्रमुख धर्मशालाओं में संगतों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही जगह, जगह लंगर की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था के अन्तर्गत मेला थाना व श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर का मेला अस्पताल शुरू किया गया है।

More Stories
समाज के हिल के लिए करें सोशल मीडिया का उपयोग : धामी
देहरादून को मिला नया नेतृत्व, डॉ. आशीष चौहान ने संभाली जिलाधिकारी की कमान
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं- महाराज