April 22, 2025

Shatdal

न्यूज़ पोर्टल

छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे

बागेश्वर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने आज वर्ष 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। हाईस्कूल में 90.77 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 83.23 प्रतिशत परीक्षाफल दर्ज किया गया है।
प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में इस बार दो छात्रों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। बागेश्वर जिले के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र कमल सिंह चौहान और हल्द्वानी के हरगोविंद सुयाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र जतिन जोशी ने हाईस्कूल परीक्षा में 500 में से 496 अंक अर्जित किए हैं। दोनों ने कुल 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है। हाईस्कूल में बागेश्वर के कमल सिंह चौहान ने प्रदेश में टॉप किया है। कमल ने किताबों के अलावा यूट्यूब से पढ़ाई की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता और शिक्षकों को दिया है। विवेकानंद विद्या मंदिर बागेश्वर में अध्ययनरत कमल सिंह चौहान, रीमा क्षेत्र के किड़ई निवासी हैं। उनके पिता हरीश सिंह चौहान किसान हैं। माता पुष्पा देवी ग्रहणी हैं। कमल चार भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता और शिक्षकों को दिया है। भविष्य में वह विज्ञान संकाय में गणित की पढ़ाई करना चाहते हैं। कमल सिंह ने हाईस्कूल की परीक्षा में पूरे राज्य में सर्वाधिक 500 में से 496 यानि 99.2 प्रतिशत हासिल किए हैं। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षार्थियों को शॉर्टकट ढूंढने के बजाय मेहनत करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कोचिंग और ट्यूशन में पैसे लगाने की बजाय घर पर सोशल मीडिया और किताबों से परीक्षा की तैयारी की जा सकती है। कमल ने बताया कि अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए शिक्षकों, माता-पिता का सहयोग मिला। कमल ने बताया कि उसका सपना एनडीए में जाने का है। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र कमल सिंह चौहान की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय में हर्ष का माहौल है। अभिभावक और शिक्षक भी छात्रों की इस सफलता पर गर्वित हैं।