November 28, 2026

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौत

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौत

SDRF ने कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद किया चालक का शव

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कैंटर चालक की जान चली गई। टोटाम चेरीधार के समीप एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद करीब 200 मीटर गहरी खाई से चालक का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को डीसीआर अल्मोड़ा से एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को कैंटर वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। बताया गया कि वाहन में चालक भी सवार था। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर टीम को कैंटर अत्यंत गहरी खाई में गिरा हुआ मिला। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने चालक की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, टीम ने लगातार प्रयास करते हुए करीब 200 मीटर नीचे खाई से चालक का शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय हीरा सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में हुई है। एसडीआरएफ ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।