चमोली। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत नोटिस वितरण एवं सुनवाई की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में निर्वाचन नामावली से संबंधित नोटिसों के वितरण की प्रगति, सुनवाई की कार्ययोजना तथा कार्मिकों की तैनाती की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 21,900, थराली विधानसभा क्षेत्र में 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 21,512 नोटिस शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित अवधि में सुनवाई की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। सुनवाई की कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद में कार्यरत 633 बीएलओ के सहयोग हेतु 633 अतिरिक्त कार्मिकों की भी तैनाती की गई है, जिससे सुनवाई एवं अभिलेखों के निस्तारण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। बैठक में बताया गया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 22 अगस्त तक सुनवाई आयोजित की जाएगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नोटिस वितरण अभियान में और अधिक तेजी लाई जाए। साथ ही दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार विशेष शिविर आयोजित कर नोटिसों के निस्तारण एवं सुनवाई की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो।

More Stories
डीएम ने ली अधिकारियों की बैठक
देहरादून पुलिस का त्वरित एक्शन, 24 घंटे में बुलेट चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
खिर्सू के कठूड़ गांव पहुंचीं डीएम स्वाति भदौरिया, चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश