अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने रानीखेत तहसील का निरीक्षण कर न्यायालय परगनाधिकारी रानीखेत में लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने न्यायालय में अब तक निस्तारित वादों तथा वर्तमान में लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व वादों का समयबद्ध निपटारा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सुनवाई सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यालय व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ कार्य करने तथा आमजन को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने पर बल दिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने रानीखेत तहसील सभागार में तहसील क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े कार्यों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

More Stories
मुख्यमंत्री ने किया पुस्तक का विमोचन
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है भाजपा सरकार:महाराज
विकास कार्यों में देरी पर होगी जवाबदेही तय, जिलाधिकारी ने की जिला योजना की समीक्षा