July 14, 2026

बैंकिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बैंकिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

देहरादून। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) में सुधार करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बैंक शिविरों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें तथा आमजन को विभिन्न ऋण एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। उन्होंने सरकारी लाभार्थी आधारित योजनाओं पर विशेष फोकस करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागों से प्राप्त किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदनों में कितने आवेदन निरस्त किए गए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सभी बैंक अगली बैठक में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि केसीसी किसानों की आर्थिक बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए पात्र आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों को लेकर नराजगी जताते कहा कि किसी भी योजना का आवेदन बिना उचित कारण लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। लीड बैंक अधिकारी सुखविन्द्र कादयान ने बताया कि मार्च 2026 में जनपद का ऋण जमा अनुपात 26.98 प्रतिशत रहा।