रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुद्रपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि उधम सिंह नगर उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और जनपद से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं संभावनाओं से वे भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है तथा राज्य की आर्थिक प्रगति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखण्ड में सड़क संपर्क व्यवस्था का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में यातायात पहले की अपेक्षा अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आम जनमानस सभी को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड को दूसरे एम्स की सौगात दी गई है, जिसका निर्माण किच्छा में तेजी से चल रहा है। इसके पूर्ण होने पर केवल उधम सिंह नगर ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊँ मंडल एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन, निवेश, उद्योग एवं व्यापार को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उधम सिंह नगर में मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांव स्थित हैं। इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है । मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर वास्तव में “मिनी इंडिया” है, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग वर्षों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता के साथ रहते हैं। यही विविधता इस जनपद की सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह भूमि जनता की संपत्ति है और इसका उपयोग केवल जनकल्याण एवं विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प केवल वर्तमान का विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखण्ड प्रदान करना है।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से उधम सिंह नगर सहित पूरा उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में जनपद प्रभारी/परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा,सांसद श्री अजय भट्ट,विधायक श्री शिव अरोरा, श्री त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य,मेयर श्री विकास शर्मा, श्री दीपक बाली, दर्जा मंत्री श्री अनिल कपूर डब्बू, श्री हुकम सिंह कुंवर, श्री उत्तम दत्ता,जिलाध्यक्ष श्री कमल जिन्दल, श्री मनोज पाल,जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री कौस्तुभ मिश्रा, श्री पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व नागरिक मौजूद थे।
सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं : धामी

More Stories
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल
20 साल का इंतजार खत्म: रामदयालपुर में इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग का लोकार्पण
इंटरनेशनल मार्केट में पहुंची उत्तराखंड की मछली