दमकल की चार गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
देहरादून। शहर के व्यस्ततम कारोबारी क्षेत्र पलटन बाजार में बुधवार को एक कपड़ों के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को कोतवाली नगर को सूचना मिली कि पलटन बाजार स्थित एक दुकान की तीसरी मंजिल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फायर स्टेशन देहरादून से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स की तीसरी मंजिल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान वेल्डिंग का काम भी किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से कपड़ों के गोदाम में आग भड़क गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग लगने से गोदाम में रखा अधिकांश कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

More Stories
एसआईआर-2026 की समीक्षा बैठक: डीएम ने गणना प्रपत्रों के संकलन में तेजी और डिजिटाइजेशन प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश
फ्रिज में रखा गूंथा आटा कितना सुरक्षित? जानिए क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ
‘श्रेक 5’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, 30 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म