पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में शासन के निर्देशानुसार सभी राशनकार्ड धारकों को अपने राशनकार्ड एवं उसमें दर्ज प्रत्येक यूनिट की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा ‘मेरा केवाईसी ऐप’ जारी किया गया है, जिससे उपभोक्ता घर बैठे ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के अनुसार, ई-केवाईसी हेतु राशनकार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड तथा उससे लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर आवश्यक है, जिस पर ओटीपी प्राप्त होगा। साथ ही फेस ऑथेंटिकेशन के लिए बेहतर कैमरे वाला स्मार्टफोन और सुचारु इंटरनेट कनेक्टिविटी जरूरी है। जिन उपभोक्ताओं को ऐप के माध्यम से दिक्कत हो, वे राशन कार्ड, आधार कार्ड व मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी उचित दर की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। ऐप से प्रक्रिया के लिए ‘मेरा केवाईसी ऐप’ व ‘आधार फेस आरडी’ ऐप डाउनलोड कर लॉगिन करें, ‘सेलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड चुनकर लोकेशन वेरिफाई करें, फिर 12 अंकों का आधार नंबर व ओटीपी दर्ज करें। इसके बाद ‘फेस केवाईसी’ में कैमरे के सामने पलक झपकाकर प्रक्रिया पूरी करें, जिसके बाद ‘ई-केवाईसी सक्सेसफुल’ संदेश प्रदर्शित होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभ निर्बाध मिलते रहें।

More Stories
अधिकारी विकास योजनाओं का लाभ जन,जन तक पहुंचाएं : धामी
देहरादून में पहली बार ब्लूबेरी खेती की शुरुआत, 10 किसानों के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू
मुख्यमंत्री धामी ने ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का किया अनावरण