April 18, 2026

कोटद्वार व मंडाखाल में डॉग शेल्टर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

कोटद्वार व मंडाखाल में डॉग शेल्टर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति की बैठक में अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों की उपलब्धता, लिगेसी वेस्ट निस्तारण, स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक नियंत्रण, गौसदन संचालन, डॉग शेल्टर निर्माण एवं अतिक्रमण जैसे विषयों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यवाही और विभागीय समन्वय से धरातल पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लिक्विड वेस्ट एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत निकायों को सक्शन मशीन व ट्रांसपोर्ट वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम श्रीनगर व नगर पंचायत थलीसैण शीघ्र ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुरू करेंगे, जबकि दुगड्डा की डीपीआर टीएसी हेतु भेजी जा रही है। सतपुली में भूमि चिन्हांकन दूसरे चरण में है और पौड़ी में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है। लिगेसी वेस्ट निस्तारण के बाद स्थलों के सौंदर्यीकरण व पुष्प वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु साप्ताहिक सत्यापन व मासिक रिपोर्टिंग, सीसीटीवी निगरानी व चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई व सिंगल यूज प्लास्टिक पर स्रोत स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सतपुली में एसटीपी न होने तक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने को कहा गया।
जनपद में 17 गैर सरकारी व 03 सरकारी गौसदनों में लगभग 2300 गौवंश की देखभाल की जा रही है, जिसके प्रभावी संचालन हेतु ग्राम्य गौ सेवक योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। कोटद्वार व मंडाखाल में डॉग शेल्टर निर्माण में तेजी लाने और थलीसैण पार्किंग से संबंधित वन विभाग की आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस व राजस्व विभाग के साथ नियमित अभियान चलाने को कहा गया।