बागेश्वर। कपकोट विकासखण्ड के ग्राम पौंसारी के खाई जर तोक क्षेत्र में गुरुवार देर रात बादल फटने से भारी जन-धन की क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार, मलबे में दबने से अब तक 2 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 3 व्यक्तियों की खोजबीन एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें युद्धस्तर पर कर रही हैं। घटना में एक घायल को ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षित निकाल लिया था। प्रभावित परिवारों में रमेश चंद्र जोशी का परिवार तथा पूरण जोशी का परिवार शामिल है। इस आपदा में खेतों, पशुधन, मकानों, गाँव की सड़क एवं छोटी पुलिया को भी भारी क्षति पहुँची है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुँचीं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर सभी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता, सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। पीडब्ल्यूडी एवं पीएमजीएसवाई की टीमें क्षतिग्रस्त मार्ग खोलने और वैकल्पिक रास्ते चिन्हित करने में जुटी हुई हैं। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं तथा आपदा कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।

More Stories
हरेला महाअभियान की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 16 जुलाई से जनसहभागिता के साथ शुरू होगा व्यापक पौधरोपण अभियान
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज
32 वर्ष 6 माह की गौरवपूर्ण सेवा के बाद आईजी करण सिंह नगन्याल सेवानिवृत्त