बागेश्वर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कपकोट के सोराग में निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बावजूद पुल का निर्माण कार्य पूरा न होने पर वाप्कोस के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा नहीं किया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मंगलवार को जिला कार्यालय में कपकोट के दूरस्थ क्षेत्र सोराग गांव को यातायात से जोड़ने के लिए पिंडर नदी पर बनाई जा रही निर्माणाधीन पुल की संबंधित अधिकारियों के साथ प्रगति समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है, जबकि इसकी समयसीमा पहले ही समाप्त हो चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वाप्कोस के अधिकारियों को जमकर फटकारा।
उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बनने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्राथमिकता के आधार पर शेष कार्य को पूरा करें और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पुल के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सोराग गांव को यातायात से जोड़ने के लिए पिंडर नदी में पुल का निर्माण कराया जा रहा है।

More Stories
देहरादून के विकास का नया ब्लूप्रिंट, 968 करोड़ के बजट से शहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
जिला योजना 2026-27 के परिव्यय पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित, विकास कार्यों में नवाचार व स्वरोजगार पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से की मुलाकात