July 6, 2026

सीएम ने राज्य स्त्री शक्ति को तीलू रौतेली पुरुस्कार से सम्मानित किया

सीएम ने राज्य स्त्री शक्ति को तीलू रौतेली पुरुस्कार से सम्मानित किया

13 महिलाओं को तीलू रौतेली” व 35 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार से सम्मानित किया

आंगनबाडी की पोशाक पहनकर कर रही हूं खुद को गौरवान्वित महसूस-रेखा आर्या

देहरादून। सीएम धामी व महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 48 महिलाओं को “राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली” एवं “आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार से सम्मानित किया। मंगलवार को दून में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 13 महिलाओं को “राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली” व 35 महिलाओं को “राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री” पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।साथ ही विजेताओं के बैंक खातों में पुरुस्कार की धनराशि आनलाइन जारी की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार महिला शक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रही है। तीलू रौतेली व आंगनवाडी कार्यकत्री दोनो पुरस्कारों की धनराशि रु0 51 हजार करते हुए मुख्यमंत्री घोषणा पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि उनके दोनों बच्चों की स्कूली शिक्षा की नींव आंगनबाडी केन्द्र पर ही पड़ी है। ऐसे में वह आंगनबाडी कर्मियों के साथ परिवार जैसा महसूस करते हैं।कहा कि तीलू रौतेली के साहस का प्रतीक हमारी सभी बहनें है।

महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने में किये गये प्रयासों में सरकार की प्राथमिकता झलकती है। विभिन्न विभागों की महिला परक योजनाओं की प्रगति बताते हुए मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से आहवाहन किया कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर अन्य महिलाओं तक पहुचाई जाये। महिलाओं की प्रगति का संकल्प “विकल्प रहित” है जिसे पूर्ण करने में राज्य वासियों को अपनी पूरी क्षमता से योगदान देना है।

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने समारोह में आंगनबाडी कार्यकत्री की पोशाक पहनकर प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अन्दर की क्षमता को पहचाने और समाज को आगे बढायें। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक खजान दास ने की। राज्य की विषम परिस्थितियों में शिक्षा, समाज सेवा, साहसिक कार्य, खेल, कला, क्राफ्ट, संस्कृति, पर्यावरण एवं कृषि आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला एवं किशोरियों को राज्य स्त्री शक्ति “तीलू रौतेली” पुरूस्कार प्रतिवर्ष वीरांगना तीलू रौतेली के जन्म दिवस 8 अगस्त को प्रदान किया जाता हैं। इस योजना के अन्तर्गत चयनित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, रू0 51 हजार की धनराशि ऑनलाइन जारी करते हुए प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है।

राज्य स्तरीय आगनबाडी कार्यकत्री पुरूस्कार हेतु राज्य में न्यूनतम 05 वर्ष से निरन्तर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री / मिनी आंगनवाड़ी कार्यकत्री जिनके केन्द्र पर ग्रामीण क्षेत्रों में 3 से 6 वर्ष के न्यूनतम 08 एवं शहरी क्षेत्रों में न्यूनतम 18 बच्चे पंजीकृत हो एवं समस्त लाभार्थी पोषण ट्रेकर एप में पंजीकृत हो,आंगनवाड़ी केन्द्रों का संचालन केन्द्रों में अभिलेखों का उचित रख-रखाव,अनुपूरक पोषाहार का नियमित वितरण एवं जनसमुदाय को योजनाओं के प्रति जागरुक किया हो, कुपोषण उन्मूलन हेतु विशेष प्रयास किया हो एवं वर्ष में ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का नियमित आयोजन किया हो, आगनवाड़ी केन्द्र व केन्द्र के आस-पास की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया हो, उनकी कार्यप्रणाली में बेहतर परिणाम एवं प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से इस पुरुस्कार में कार्यकत्री को रू० 51 हजार की धनराशि ऑनलाइन , प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है।

देखें, तीलू रौतेली व आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार की सूची