हरिद्वार। दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर शंकराचार्य चौक के पास दर्दनाक हादसा हो गया। डाक कांवड़ियों के वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और बेटी समेत तीन की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक सवार युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने डाक कांवड़ियों के वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार(30) निवासी ग्राम फीना चांदपुर बिजनौर, उसकी पत्नी पूजा और एक साल की बेटी माही और नॉनी उर्फ पुष्पेन्द्र(22) पुत्र चरण सिंह निवासी अहमदपुर निंगू नगला छजलेट मुरादाबाद सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करते थे और रावली महदूद में किराए के मकान में रह रहे थे। मंगलवार की देर रात वे मोटरसाइकिल से बिजनौर की तरफ लौट रहे थे। जैसे ही वह शंकराचार्य चौक के पास पहुंचे डाक कांवड़ियों के छोटा हाथी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से चारों लोग नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने नॉनी उर्फ पुष्पेंद्र, रोहित और माही को मृत घोषित कर दिया। जबकि पूजा का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
गैरसैंण विधानसभा सत्र कुछ ही घंटों में स्थगित करना जनता के पैसे की बर्बादी: गणेश गोदियाल
आपदा प्रभावित क्षेत्र मसंदावाला के लिए जारी हुए 43 लाख, ग्रामीणों ने जताया मंत्री गणेश जोशी का आभार
देहरादून में जाम से मिलेगी निजात? डीएम ने तैयार करने के दिए मास्टर प्लान के निर्देश