उत्तराखंड के हल्द्वानी में अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवकों पर पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू की तो भगदड़ मच गई। इस बीच लाठीचार्ज से बचने के लिए कई युवक नहर में कूद गए। हल्द्वानी के साथ ही टनकपुर में भी युवाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। हल्द्वानी में अग्निपथ योजना के खिलाफ युवकों का प्रदर्शन जारी है। यहां तिकोनिया के पास युवकों ने जाम लगाया तो पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। लाठी चार्ज से बचने के लिए यहां कुछ युवक नहर में कूद गए।
हालांकि अभी किसी भी तरह की कोई अनहोनी की सूचना नहीं है। कुछ युवक चोटिल हुए हैं। युवाओं के भारी विरोध के चलते पूरे शहर में भारी फोर्स तैनात की गई है। ड्रोन से नजर रखी जा रही है। इसी बीच योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
लोहाघाट में भी युवा अग्निपथ भर्ती के विरोध में उतरे। बीते गुरुवार को भी नैनीताल जिले के गरमपानी, खैरना, मझेड़ा, कफुल्टा, गरजोल, सीमा, व्यासी के युवाओं ने मुख्य बाजार में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की थी।
तीन दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने युवाओं से विरोध प्रदर्शन रोकने की अपील की थी। योजना के बारे में बातचीत में उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना में युवाओं का अहित नहीं, हित होगा।
उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को यह लगता है कि चार साल की भर्ती के बाद उनके लिए नौकरी के अन्य अवसर समाप्त हो जाएंगे, उनके लिए समायोजन करने की बात भी लगभग सभी प्रदेशों ने जारी कर दी है।

More Stories
एनजीए के 14वें वार्षिक खेल महोत्सव में ‘लव सदन’ ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अब बुजुर्गों तक सीमित नहीं घुटनों का दर्द, कम उम्र के लोग भी हो रहे प्रभावित; जानें इसके कारण और बचाव के तरीके
जयपाल मालवीय ने रचा इतिहास, विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत पदक