February 2, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनादी; डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे ईदगाह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनादी; डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे ईदगाह

कोरोना संक्रमण काल से उबरने के बाद इस बार प्रदेश में ईद का त्यौहार काफी धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोगों ने सुबह नमाज अदा करने के दौरान सभी के लिए अमन व चैन की दुआ की। प्रदेश की सभी प्रमुख मस्जिदों में दो वर्ष बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। लखनऊ के ईदगाह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लोगों से गले मिलकर उनको ईद की बधाई दी।

उत्तर प्रदेश में आगरा, मेरठ, अलीगढ़, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज तथा वाराणसी के साथ गोरखपुर में भी लोगों ने नौ बजे से मस्जिदों का रुख किया। सभी मस्जिदों में लोग बड़ी संख्या में उमड़े और नमाज अदा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनादी। उन्होंने कहा कि ईद का त्यौहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है।

लखनऊ में ईदगाह ऐशबाग के साथ ही टीले वाली मस्जिद में भी नमाज अदी की गई। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ईदगाह में पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई दी। ब्रजेश पाठक ने ईद के मौके पर ईदगाह में लोगों से गले मिलकर उनको बधाई दी।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और विधायक रविदास मेहरोत्रा भी ईदगाह पहुंचे थे। ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने हुजूम एकत्र था। यहां पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने नमाज अदा कराई। इस दौरान ईदगाह के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। जिला प्रशासन के साथ यहां पर पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे। नगर निगम तथा जलकल के साथ अग्निशमन विभाग के अफसर भी तैनात थे। राजधानी लखनऊ की गंगा जमुनी तहजीब काफी विख्यात भी है।

गौतमबुद्ध नगर में ईद पर सेक्टर-8 में नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। एसीपी राजेश एम ने बताया कि मस्जिद में जगह कम पड़ रही थी तो धर्म गुरुओं से बात कर पालियों में लोगों को नमाज अदा करने के लिए सहमत किया गया। यहां पर कई संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी। इन सभी के बीच ईद की नमाज सकुशल अदा की गई।